शादी के दो माह बाद ही इंद्राणी ने लगा ली फांसी, जांच में जुटी पुलिस
अमेठी, 29 जुलाई (हि.स.)। अमेठी जिले के जायस कोतवाली क्षेत्र के मुखेतिया गांव में बुधवार को एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर कमरे में फंदे से लटकता मिला। मृतका की पहचान इंद्राणी (21) पत्नी शैलेंद्र प्रताप मौर्य के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक जिस कमरे में इंद्राणी का शव मिला, वह अंदर से बंद था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की जांच शुरू कर दी गई। परिजनों के अनुसार मृतका के पति शैलेंद्र प्रताप मौर्य महाराष्ट्र में रहकर निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं थे और महाराष्ट्र में ही थे। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायका पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मृतका के पति पर प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए। मृतका की मां ने भी आरोप लगाया कि उनकी बेटी को शादी के बाद से प्रताड़ित किया जा रहा था। जानकारी के अनुसार इंद्राणी की शादी करीब दो माह पहले, आठ मई 2026 को हुई थी।
जायस कोतवाली के प्रभारी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायका पक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों की जांच की जा रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

