home page

मासूम बेटी के सामने देवर ने भाभी की गला रेतकर की हत्या

 | 
मासूम बेटी के सामने देवर ने भाभी की गला रेतकर की हत्या


अमेठी, 20 अगस्त (हि.स.)। अमेठी जनपद अंतर्गत जामो थाना क्षेत्र के पूरे चितई गांव के पूरे दीवान में बृहस्पतिवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। घर में मौजूद 26 वर्षीय पूनम की उसके देवर देवा ने कथित तौर पर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। आरोप है कि हमलावर ने पहचान मिटाने के इरादे से उसके चेहरे पर भी धारदार हथियार से कई वार किए। घटना के दौरान पूनम की मासूम बेटी वैष्णवी चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन हमलावर नहीं रुका। मां की मौत के बाद बच्ची उसकी लाश से लिपटकर फूट-फूटकर रोती रही।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के समय पूनम घर में अपनी बेटी के साथ थी। किसी बात को लेकर देवर-भाभी के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद देवा ने पूनम पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गले और चेहरे पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। घटना के समय पूनम के ससुर पारसनाथ खेत में काम करने गए थे। लौटने पर उन्होंने पूनम को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। मृतका के पिता झाम सिंह ने ससुरालीजनों पर बेटी को प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी देवा सहित एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतका की मां सावित्री देवी ने बताया कि घटना के बाद पूनम का मोबाइल भी नहीं मिला। घर के पीछे चाकू और गड़ासा मिलने की बात सामने आई है। उन्होंने घटनास्थल पर खून नहीं मिलने का दावा करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि मृतका के मायके वालों की तहरीर पर थाना स्थानीय में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी सहित एक अन्य को हिरासत में लिया गया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी