home page

प्रेमी ने मुंह दबाकर की थी प्रेमिका की हत्या,गिरफ्तार

 | 
प्रेमी ने मुंह दबाकर की थी प्रेमिका की हत्या,गिरफ्तार


अमेठी, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले की थाना पुलिस ने बीते दिनाें हुई युवती की हत्या का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपित काे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित काेई और नहीं युवती का प्रेमी निकला। आराेपित कब्जे से मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि एक जुलाई को रणवीरनगर मजरे जंगल रामनगर स्थित खेत में काजल (19) का शव मिला था। सूचना पर स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के पिता अमरजीत सिंह की तहरीर पर थाना अमेठी में हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। स्वाट, सर्विलांस समेत पुलिस की 10 टीमें मामले की जांच कर रही थी। एक सूचना के बाद थाना पुलिस ने स्वाट एवं सर्विलांस की मदद से प्रतापगढ़ जिले के पूरे नेवली निवासी सुरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह काजल से प्रेम करता था और उसे अपने साथ चलने के लिए बुलाया था। जब काजल ने साथ जाने से इनकार किया तो गुस्से में उसने उसका मुंह दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपित ने शव को खेत की मेड़ के किनारे रखकर यूकेलिप्टस की झाड़ियों से ढककर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से मृतका का मोबाइल फोन बरामद कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी