नाबालिग दलित लड़की के साथ मौलवी ने की छेड़छाड़
अमेठी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में नाबालिग दलित लड़की के साथ मौलवी के द्वारा छेड़छाड़ करते हुए गंदी हरकत किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित लड़की की परिजनों की तहरीर पर तत्काल पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर शाम मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक गांव की 14 वर्षीय नाबालिग दलित लड़की अपने भैंस की झाड़ फूंक करवाने के लिए अमेठी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत स्थित मलिक मोहम्मद जायसी मजार के मौलवी के पास गई हुई थी। क्योंकि लड़की की भैंस दूध नहीं दे रही थी? तभी लड़की को अकेली पाकर मौलवी ने छेड़छाड़ करते हुए लड़की के साथ गंदी हरकत किया। घर वापस पहुंच कर लड़की ने पूरी बात अपने घरवालों को बताई। जिसके बाद परिजन लड़की को लेकर तत्काल अमेठी कोतवाली पहुंचे क्योंकि घटनास्थल अमेठी कोतवाली क्षेत्र का है और आरोपी मौलवी मोइनुद्दीन अमेठी कोतवाली क्षेत्र के रामनगर का रहने वाला है। परिजन ने पुलिस को तहरीर देते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
इस संबंध में अमेठी के पुलिस क्षेत्राधिकारी श्वेताभ भास्कर ने बताया कि घटना की जानकारी होते ही मामले की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए तत्काल पुलिस परिजनों की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में अमेठी कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कर रही है। साथ ही आरोपी मौलवी की तलाश की जा रही है। जल्दी ही उसे गिरफ्तार कर आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

