home page

अवैध तमंचा-कारतूस के साथ आरोपित गिरफ्तार, चार चोरी की बाइक बरामद

 | 
अवैध तमंचा-कारतूस के साथ आरोपित गिरफ्तार, चार चोरी की बाइक बरामद


अमेठी, 23 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत मोहनगंज पुलिस ने तमंचा-कारतूस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

मोहनगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को कोतवाली क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर चेतरा बुजुर्ग निवासी बबलू पुत्र नकछेद को अपाचे मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट नहीं थी और आरोपी उसके कागजात भी नहीं दिखा सका। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि अपाचे मोटरसाइकिल उसने अपने साथी वीरेन्द्र पुत्र मोतीलाल निवासी चेतरा के साथ मिलकर एक अगस्त 2026 को लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र से चोरी की थी। आरोपी ने अपने साथी के साथ तीन अन्य मोटरसाइकिलें चोरी कर पास के एक खंडहर में छिपाकर रखने की बात भी बताई। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर खंडहर से तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें एक पल्सर मोटरसाइकिल जगदीशपुर थाना क्षेत्र के लोशनपुर बगाही गांव में शादी समारोह से, दूसरी बाइक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बाराबंकी में एक घर का ताला तोड़कर और तीसरी बाइक हीरो होंडा स्प्लेंडर रायबरेली से चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मोहनगंज थाने में तमंचा बरामदगी और चोरी की संपत्ति से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा बरामद मोटरसाइकिलों से संबंधित मुकदमें लखनऊ के पीजीआई, अमेठी के जगदीशपुर और बाराबंकी के कोतवाली नगर थाने में दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बबलू के खिलाफ मोहनगंज थाने में चोरी और बरामदगी से संबंधित दो अन्य मुकदमे भी दर्ज हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई उपनिरीक्षक राजेश कुमार दीक्षित, रामअवतार यादव, राकेश कुमार सिंह समेत मोहनगंज पुलिस टीम ने की। पुलिस मामले में आरोपी के साथी वीरेन्द्र की भूमिका की भी जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी