home page

अंकित हत्याकांड में मुख्य आरोपित पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

 | 
अंकित हत्याकांड में मुख्य आरोपित पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार


अमेठी, 04 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में गाैरीगंज काेतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात को अंकित कश्यप की हत्या में फरार मुख्य आराेपित काे पुलिस ने मंगलवार दाेपहर मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। चाैबीस घंटे के भीतर इस हत्याकांड में शामिल सभी आराेपित पकड़े गए हैं।

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर-17 स्थित पूरे बान सिंह गांव में 22 वर्षीय अंकित कश्यप की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित सुकई यादव को मंगलवार दोपहर टिकरिया के पास मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पैर में गोली लगने पर घायल आरोपित को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके कब्जे से पुलिस को तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। एसपी ने बताया कि अंकित की हत्या में नामजद सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उल्लेखनीय है कि सोमवार रात हुई अंकित की हत्या के बाद उसके पिता की ओर से मिली तहरीर में पुलिस ने सुकई यादव, सुंदर यादव सहित चार नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस की कई टीमें आरोपितों की तलाश कर रही थी। पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार ​कर लिया है।

पूछताछ में यह जानकारी हुई है कि अंकित कश्यप ने वर्ष 2023 में पड़ोसी युवती श्वेता यादव से अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों दिल्ली में रह रहे थे। इसी विवाह को लेकर दोनों परिवारों के बीच रंजिश चल रही थी। अंकित कुछ दिन पहले ही दिल्ली से गांव आया था। सोमवार देर रात को उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की थी। फिलहाल सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी