home page

सूखे महुआ के पेड़ को काटने से रोकने पर बुजुर्ग पर धारदार हथियार से हमला, इलाज के दौरान मौत

 | 
सूखे महुआ के पेड़ को काटने से रोकने पर बुजुर्ग पर धारदार हथियार से हमला, इलाज के दौरान मौत


सूखे महुआ के पेड़ को काटने से रोकने पर बुजुर्ग पर धारदार हथियार से हमला, इलाज के दौरान मौत


अमेठी, 03 सितंबर (हि.स.)। अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पूरे सोनराई मजरे पश्चिम तिलोई में सोमवार को सूखे महुआ के पेड़ को काटने से रोकने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद के दौरान एक पक्ष ने राम केदार यादव (82) पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें इलाज के लिए कई अस्पतालों में ले जाया गया, बाद में लखनऊ ले जाते समय गुरुवार को रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के मुताबिक पूरे सोनराई मजरे पश्चिम तिलोई निवासी सरवन यादव और उनकी पत्नी एक सूखे महुआ के पेड़ को काट रहे थे। बताया गया कि पेड़ आपसी बंटवारे को लेकर विवादित था। इसी दौरान गांव के ही राम केदार यादव ने पेड़ काटने से मना किया। आरोप है कि इसी बात को लेकर सरवन यादव और उनकी पत्नी ने धारदार हथियार से राम केदार के सिर पर वार कर दिया। चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई। हमले में राम केदार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मोहनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को मेडिकल परीक्षण एवं उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिलोई भेजा गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला रेफरल अस्पताल लोधवरिया, फिर एम्स रायबरेली रेफर किया गया। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उन्हें गुरुवार को लखनऊ ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लखनऊ ले जा रहे थे, तभी रास्ते में राम केदार ने दम तोड़ दिया। मृतक के बेटे राजकुमार की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने महिला समेत दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। वहीं, गांव में किसी तरह का तनाव न बढ़े, इसके लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है।

इस मामले में मोहनगंज के थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रार्थना पत्र दिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, विवाद में एक पक्ष से दो और दूसरे पक्ष से चार लोग घायल हुए थे। सरवन की ओर से पांच लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया गया था। इलाज के दौरान राम केदार की मौत की सूचना मिलने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक धाराओं में बढ़ोतरी कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी