प्रेम विवाह के एक साल बाद युवती का शव फंदे से लटका मिला।
अमेठी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले की जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पालपुर स्थित एएच इंटर कॉलेज के पास बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब ससुराल के अंदर 21 वर्षीय युवती नाजरीन का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिला। नाजरीन ने करीब एक वर्ष पूर्व हमजा से प्रेम विवाह किया था।
बताया जा रहा है कि हमजा पहले दिल्ली में रह रहा था। इसी दौरान उसके पिता ने नाराज होकर उसे दिल्ली से वापस भेज दिया था। इसके बाद हमजा घर गांव और परिवार छोड़कर जगदीशपुर में किराए के मकान में अपनी पत्नी के साथ रहने लगा। नाजरीन बुधवार की शाम को अपने कमरे का दरवाजा बंद कर अंदर फांसी लगा लिया। सूचना के बाद जब पीआरबी 112 की पुलिस मौके पर पहुंची तब दरवाजा तोड़कर महिला को निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही जगदीशपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।
जगदीशपुर कोतवाल धीरेन्द्र कुमार यादव ने बताया की घटना की जानकारी डायल 112 पुलिस के माध्यम से प्राप्त हुई। मृतक लड़की का मायका अंबेडकर नगर है, उनके परियों को सूचित कर दिया गया है वह लोग आ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवती की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

