अमेठी में चाेर 18 लाख के जेवर और नकदी लेकर फरार
अमेठी, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले की बाजारशुकुल थाना क्षेत्र के महोना गांव स्थित पूरे सारी का पुरवा में रविवार बीती रात काे अज्ञात चोरों ने एक घर का दरवाजा तोड़कर लाखों रुपये की चोरी कर ली।साेमवार सुबह चाेरी हाेने की जानकारी पर पुलिस जांच काे पहुंची।
बाजार शुक्ल के थाना प्रभारी विवेक कुमार वर्मा ने बताया कि नसीर अहमद के घर में रविवार की देर रात अज्ञात चोर घुस गए। घर में रखे करीब 18 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और 12 हजार रुपये नकद चोरी कर चाेर फरार हो गए। घटना की जानकारी सोमवार की सुबह होने पर परिजनों ने बाजारशुकुल थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

