प्रेम विवाह की रंजिश में युवक की गला रेतकर हत्या, परिजनों का सड़क पर प्रदर्शन
अमेठी, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के अमेठी रोड स्थित कस्बा के वार्ड नंबर 17 पूरे बान सिंह इलाके में सोमवार देर शाम को एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सीओ अखिलेश वर्मा सहित सर्किल के सभी थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि मृतक की पहचान अंकित कश्यप के रूप में हुई है।परिजनों का आरोप है कि सुखई यादव ने अंकित कश्यप को घर में बंद कर धारदार हथियार से हमला किया और गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। उनका कहना है कि अंकित सोमवार को दिल्ली जाने के लिए घर से निकला, लेकिन बाद में उसका शव एक घर के भीतर मिला। काफी खोजबीन के बाद शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के दौरान शोरगुल सुनाई देने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल अंकित को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत देखते हुए रेफर कर दिया। रेफर किए जाने के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि युवक को अगवा कर घर में बंधक बनाया गया और धारदार हथियार से हमला किया गया। उनका दावा है कि मृतक के गले पर गहरे घाव, आंखों पर चोट के निशान थे। घटना की सूचना मिलते ही सीओ और गौरीगंज कोतवाली पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों को समझाकर शांत कराया। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और कस्बे को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
एसपी ने बताया कि अंकित कश्यप ने वर्ष 2023 में आरोपित पक्ष की बेटी से प्रेम विवाह किया था। यह अंतरजातीय विवाह था, जिसका दोनों परिवारों में विरोध बताया जा रहा है। वर्तमान में अंकित की पत्नी दिल्ली में रह रही है और गर्भवती है। प्रारंभिक आशंका है कि इसी प्रेम विवाह और पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सकेगी।
एसपी ने घटना स्थल का स्वयं स्थलीय जांच किया जो कि पूरी घटना प्रेम प्रसंग से है। तीन आरोपितों को हिरासत में लिया गया है। शेष के लिए सात टीम गठित की गई जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

