home page

अमेठी : युवकाें ने रास्ता रोककर जानलेवा हमला और लूट का लगाया आराेप, जांच में मामला निकला झूठा

 | 
अमेठी : युवकाें ने रास्ता रोककर जानलेवा हमला और लूट का लगाया आराेप, जांच में मामला निकला झूठा


अमेठी, 28 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में हत्या और लूट के इरादे से हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित मोहित सिंह और रामबहादुर निवासी ग्राम नीवां, पोस्ट कुरी सुदौली, थाना बछरावां जनपद रायबरेली ने थानाध्यक्ष शिवरतनगंज को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में मंगलवार को मुकदमा पंजीकृत करते हुए पुलिस ने आरोपिताें को हिरासत में लेकर पूछताछ की ताे

मामला ओवरटेक में हुए विवाद का निकला। फिलहाल पुलिस मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

तहरीर के मुताबिक विपक्षीगण रिजवान और रेहान पुत्रगण अली बहादुर व दो अज्ञात व्यक्तियों ने बाइक से पीड़ित मोहित सिंह और रामबहादुर का रास्ता रोक लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर मारपीट की और जंगल की तरफ खींचने लगे। पीड़ित का आरोप है कि घटना के दौरान आरोपिताें ने जान से मारने की धमकी दी और लगभग 10 ग्राम की सोने की चैन व 3500 रुपये छीन लिए। घटना के बाद से पीड़ित और उसका परिवार भयभीत है। पीड़ित ने भविष्य में जान-माल के नुकसान की आशंका जताई हैं।

इस संबंध में शिवरतनगंज थाने के प्रभारी दयाशंकर मिश्र ने बुधवार को बताया कि पीड़ित की तहरीर पर तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले में नामजद दोनों आरोपिताें को हिरासत में लेकर पूछताछ की गईं। पूछताछ एवं सीसीटीवी कैमरे की जांच के बाद प्रकाश में आया कि गाड़ी की ओवरटेकिंग को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट की घटना हुई थी। छिनैती, लूट तथा अन्य आरोप बिल्कुल असत्य पाए गए हैं। घटना के संबंध में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी