home page

लापता नाबालिग लड़के का शव खेत में मिला, जांच में जुटी पुलिस

 | 
लापता नाबालिग लड़के का शव खेत में मिला, जांच में जुटी पुलिस


लापता नाबालिग लड़के का शव खेत में मिला, जांच में जुटी पुलिस


अमेठी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के गूजीपुर मजरे पांडेय का पुरवा गांव में गुरुवार को धान के खेत में

किशोर का शव मिला। मृतक की पहचान सतीश वर्मा (16) पुत्र बद्री प्रसाद वर्मा के रूप में हुई है। नाबालिग लड़का बीते तीन दिनों से लापता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, सतीश वर्मा चाट की दुकान पर काम करता था। सोमवार को वह दुकान से घर जाने के लिए निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। उसके लापता होने के बाद परिजनाें ने तलाश की। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला तो बुधवार की शाम परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर नाबालिग लड़के की तलाश शुरू कर दी थी। गुरुवार को घर से करीब डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर धान के खेत में लापता सतीश का शव मिलने की सूचना से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। बेटे का शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।

संग्रामपुर थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू की। नाबालिग लड़के की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी