अमेठी : बालिका से जबरन दुष्कर्म का प्रयास और परिजनों पर जानलेवा हमला, मुकदमा दर्ज
अमेठी, 10 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के थाना इन्हौना क्षेत्र अंतर्गत गांव रामनगर कालोनी के मजरे भीखीपुर गांव में सोमवार की शाम को शौच के लिये निकली बालिका के साथ मनबढ़ शोहदों द्वारा जबरन दुष्कर्म का प्रयास किये जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों ने दौड़ाकर जब आरोपितों को पकड़ लिया तो उनके सहयोगियों ने पीड़िता के परिजनों से मारपीट कर लहुलुहान कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन मामला दो सम्प्रदायों के बीच होने के कारण गांव में तनाव कायम हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंहौना थाना क्षेत्र के गांव रामनगर कालोनी मजरे भीखीपुर में एक बालिका के साथ गैर सम्प्रदाय के मनबढ़ शोहदे जबरन दुष्कर्म का प्रयास करने की खातिर उसको खींच ले गये। बालिका की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों समेत परिजन दौड़ पड़े और दो युवकों को पकड़ लिया। इसकी जानकारी मिलते ही आरोपितों के सहयोगी आक्रोशित हो उठे और पीड़ित परिवार पर हमलवार कर दिया। जिसमें पीड़िता के चेहरे और पीठ में भी चोट आ गई। पीड़ित परिवार द्वारा पूरे घटनाक्रम से स्थानीय पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस मौके पर पहुंची और दो लोगों को पकड़ लिया गया, जबकि अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस ने पीड़िता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहपुर भेजा और चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। इस घटना के दूसरे दिन मंगलवार को गांव समेत आसपास के गांवों में जानकारी मिलने पर लोगों में तनाव व्याप्त हो गया।
इस मामले की जानकारी मिलते ही प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री राजा मयंकेश्वर शरण सिंह, ब्लाक प्रमुख तिलोई के प्रतिनिधि कृष्ण कुमार सिंह, सिंहपुर के ब्लाक प्रमुख अंकित पासी, धर्मेश मिश्रा समेत अन्य तमाम लोगों ने पीड़िता के घर पहुंचे और हरसंभव मदद करने का भरोसा दिलाया है।
राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा)के समर्थकों का यह कृत्य अक्षम्य नहीं है। बीते कई महीनों से जो ताण्डव मचाया जा रहा है वह जग जाहिर है लेकिन तिलोई विधानसभा क्षेत्र में गुण्डई को पनपने नहीं दी जाएगी। हर बहन बेटी की सुरक्षा की हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी बनती है। अगर किसी भी व्यक्ति को कहीं पर कोई समस्या है तो वह हमें अवगत कराये, हम उसके कंधे से कंधा मिलाकर परछाई की भांति खड़े रहेंगे।
इस सम्बंध में इंहौना थानाध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिजनों की तहरीर पर अभियोग दर्जकर लिया गया है। आगे की आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था कायम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

