घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म की कोशिश, शोर मचाते ही भागा आरोपित
अमेठी, 30 सितंबर (हि.स.)। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को घर में घुसकर युवती से जबरदस्ती दुष्कर्म के प्रयास का आरोप सामने आया है। युवती के विरोध और शोर मचाने पर गैर समुदाय का आरोपित युवक मौके से भाग निकला। घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है। युवती की मां ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, सगरा तिराहा, रायपुर फुलवारी निवासी अरसद कथित रूप से घर में घुस आया और युवती के साथ जबरदस्ती करने लगा। युवती ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोप है कि आरोपित ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। परिवार को बदनाम करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी ने बुधवार की शाम को बताया कि तहरीर के आधार पर दुष्कर्म के प्रयास और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सामने आए तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

