अमेठी : तमंचा सटाकर बीसी संचालक से लूट का प्रयास, एक आरोपी गिरफ्तार
अमेठी, 27 सितंबर (हि.स.)। शिवरतनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बे में रविवार की देर शाम बैंक ऑफ बड़ौदा के बीसी फ्रेंचाइजी संचालक से तमंचे के बल पर लूट के प्रयास किया गया। शोर सुनकर जुटे ग्रामीणों ने एक आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए।
शिवरतनगंज निवासी बीसी फ्रेंचाइजी संचालक व पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनीता साहू के पति डॉ. सत्य प्रकाश साहू के घर में ही फ्रेंचाइजी संचालित होती है। रविवार शाम करीब 7:30 बजे तीन युवक पहुंचे और तमंचा सटाकर लूट का प्रयास किया। शोर मचने पर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण पहुंच गए। भीड़ जुटती देख दो आरोपित भाग निकले, जबकि एक आराेपित को ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ लिया।
पुलिस आरोपित को हिरासत में लेकर थाने ले जाने लगी तो ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए पुलिस वाहन रोकने का प्रयास किया। कुछ ग्रामीण वाहन के आगे लेट गए और पकड़े गए आरोपित को पुलिस के कब्जे से छुड़ाकर पीटने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। ग्रामीण फरार दोनों आरोपिताें की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। सूचना पर सीओ तिलोई दिनेश मिश्रा मौके पर पहुंचे। उनके सामने भी ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। काफी देर तक मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही।
थानाध्यक्ष दया शंकर मिश्रा ने बताया कि एक आरोपित हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपिताें की तलाश की जा रही है।
------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

