अंबिकापुर : इलाज के बहाने डॉक्टर की पत्नी से तीन साल तक दुष्कर्म, आरोपित स्पीच थेरेपिस्ट गिरफ्तार
अंबिकापुर, 06 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर से एक बेहद संवेदनशील और हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक निजी अस्पताल के डॉक्टर की पत्नी को ब्लैकमेल कर पिछले तीन साल से लगातार दुष्कर्म का शिकार बनाया जा रहा था। इस मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित स्पीच थेरेपिस्ट को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह पूरी घटना तब शुरू हुई थी जब पीड़िता अपने मासूम बच्चे के तुतलाने की समस्या का इलाज कराने आरोपित के पास पहुंची थी, लेकिन डॉक्टर के भेष में छिपे इस आरोपित ने मजबूरी का फायदा उठाकर मानवीय रिश्तों को कलंकित कर दिया।
घटनाक्रम के अनुसार, साल 2023 में पीड़िता अपने बेटे की स्पीच थेरेपी के लिए मिशन चौक स्थित डॉ. प्रांजुल बलियान के क्लीनिक में लगातार आ-जा रही थी। इसी दौरान दोनों के बीच सामान्य जान-पहचान हुई, जिसका फायदा उठाकर आरोपित ने 10 अगस्त 2023 को क्लीनिक में ही महिला के साथ पहली बार जबरन दुष्कर्म किया। लोक-लाज और सामाजिक बदनामी के डर से सहमी महिला ने शुरुआत में यह बात किसी को नहीं बताई, जिसे आरोपित ने उसकी कमजोरी समझ लिया। इसके बाद आरोपित ने पीड़िता की कुछ तस्वीरें और वीडियो के जरिए उसे लगातार ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और डरा-धमकाकर तीन साल तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
इस प्रताड़ना का अंत तब हुआ जब बीते 1 जून को किसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और आरोपित डॉक्टर ने महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस घटना से तंग आकर पीड़िता ने आखिरकार हिम्मत जुटाई और अपने पति को पूरी आपबीती सुना दी। सच्चाई सामने आने के बाद पीड़िता ने 4 जून को कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर 5 जून को आरोपित डॉ. प्रांजुल बलियान को गिरफ्तार कर लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह के अनुसार, आरोपित को न्यायालय में पेश कर दिया गया है और पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

