home page

अम्बिकापुर : डीईओ ऑफिस के सामने शिक्षा विभाग की सहायक संचालक से दिनदहाड़े सोने की चेन की लूट

 | 
अम्बिकापुर : डीईओ ऑफिस के सामने शिक्षा विभाग की सहायक संचालक से दिनदहाड़े सोने की चेन की लूट


अम्बिकापुर, 16 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिला मुख्यालय अम्बिकापुर शहर के कोतवाली थाने के बेहद करीब स्थित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सामने गुरुवार दोपहर करीब 3.30 बजे बाइक सवार दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े एक महिला अधिकारी को अपना शिकार बनाया। बदमाशों ने शिक्षा विभाग में सहायक संचालक के पद पर पदस्थ पूनम तिवारी के गले से सोने की चेन झपट ली और पलक झपकते ही वहां से रफूचक्कर हो गए। वीआईपी इलाके में हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे प्रशासनिक अमले और राहगीरों के बीच हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सहायक संचालक पूनम तिवारी रोज की तरह गुरुवार को भी अपनी ड्यूटी पर तैनात थीं। दोपहर में वह भोजन करने के लिए स्कूटी से अपने घर गई थीं। लंच के बाद करीब साढ़े तीन बजे जब वह वापस कार्यालय लौटीं, तो उन्होंने अपनी स्कूटी को ऑफिस के बाहर खड़ा किया। वह स्कूटी खड़ी कर जैसे ही डीईओ कार्यालय के मुख्य गेट की ओर आगे बढ़ीं, तभी पीछे से एक बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों बदमाशों ने अपने चेहरे को छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने बेहद फुर्ती से महिला अधिकारी के गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित तेज रफ्तार बाइक से गुरुनानक चौक और फिर थाना चौक होते हुए महामाया चौक की तरफ भाग निकले।

अचानक हुए इस हमले से सहमी महिला अधिकारी ने तुरंत कोतवाली थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की लिखित सूचना दी। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। यह पूरी वारदात डीईओ कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में बदमाश चेन स्नेचिंग करते और भागते हुए साफ नजर आ रहे हैं, हालांकि हेलमेट पहने होने के कारण फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो पाई है।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपितों की धरपकड़ के लिए शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर नाकाबंदी कर चेकिंग अभियान तेज कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह