home page

अम्बेडकर नगर : आईपीएस आशुतोष मिश्रा की मां का शव घर में मिला, लूट के बाद हत्या की आशंका

 | 
अम्बेडकर नगर : आईपीएस आशुतोष मिश्रा की मां का शव घर में मिला, लूट के बाद हत्या की आशंका


अम्बेडकर नगर, 16 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर जिले में रविवार को आईपीएस आशुतोष मिश्रा की मां की लाश संदिग्ध हालत में कमरे में मिली है। परिजनों ने लूट के बाद हत्या किए जाने की बात कही है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

लखनऊ में तैनात आईपीएस आशुतोष मिश्रा का पैतृक घर अम्बेडकर नगर जिले के धमरूआ गांव में है। यहां पर उनकी वृद्ध मां इंद्रावती (95) रहती थी। रविवार काे घर में काम करने वाली सहायिका जब घर पहुंची ताे देखा कि बुजुर्ग महिला कुछ बाेल नहीं पा रही है। उनके नाक से भी खून बह रहा था। घटना की जानकारी पर चाचा सचिंद्र मिश्रा माैके पर पहुंचे। उन्हाेंने भतीजे आशुताेष काे जानकारी दी। सूचना पर परिवार और उनके बेटे आईपीएस लखनऊ से गांव पहुंचे। उन्हाेंने देखा कि मां के शरीर से सारे जेवर गायब और मुहं से खून निकल रहा है। इस बीच सूचना पाकर माैके पर पहुंची पुलिस ने सघन तलाशी लेने के बाद शव काे पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनाें ने आशंका जताई है कि लूटपाट के बाद महिला की हत्या की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि आईपीएस आशुतोष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक