अमर कॉलोनी हत्या केस: राहुल मीणा को लेकर पीड़िता के घर पहुंची पुलिस
नई दिल्ली, 25 अप्रैल (हि.स.)। दक्षिण-पूर्वी जिले के अमर कॉलोनी स्थित कैलाश हिल इलाके में 22 वर्षीय युवती की हत्या और दुष्कर्म के मामले में दिल्ली पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आरोपित राहुल मीणा को पुलिस शनिवार सुबह पीड़िता के घर लेकर पहुंची, जहां फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) टीम की मौजूदगी में पूरे क्राइम सीन का रीक्रिएशन कराया गया। इस दौरान आरोपित से वारदात का एक-एक पल दोहरवाया गया और पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े कई अहम तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों को केस डायरी में दर्ज किया।
करीब सुबह 9:45 बजे भारी पुलिस बल और जांच टीम के साथ राहुल मीणा को पीड़िता के घर लाया गया। इससे पहले सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके की बैरिकेडिंग कर दी गई थी ताकि किसी बाहरी व्यक्ति की आवाजाही न हो सके। आरोपित को उसी रास्ते से घर के अंदर ले जाया गया, जिससे वह वारदात के दिन फ्लैट तक पहुंचा था। पुलिस ने उससे बिल्डिंग में प्रवेश, घर का दरवाजा खोलने, कमरे तक पहुंचने और वारदात के दौरान उसकी गतिविधियों को विस्तार से दोहरवाया। संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय कुमार खबर पुष्टि की।
जांच में सामने आया कि आरोपित ने चाबी का इस्तेमाल कर घर का दरवाजा खोला था और सीधे अंदर प्रवेश कर गया। इसके बाद वह स्टडी रूम और कमरे तक पहुंचा, जहां पीड़िता मौजूद थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपित ने पूछताछ में बताया कि उसने घर के भीतर पहले लूटपाट की नीयत से तलाशी ली और फिर वारदात को अंजाम दिया।
रीक्रिएशन के दौरान आरोपित से उन सभी स्थानों की पहचान कराई गई, जहां कथित तौर पर दुष्कर्म, हत्या और लूटपाट की घटनाएं हुईं। एफएसएल टीम ने हर मूवमेंट की वीडियोग्राफी की और मौके से जुटाए गए साक्ष्यों का पुनर्मूल्यांकन किया। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में कई महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं, जो आरोप-पत्र को मजबूत कर सकते हैं। इनमें पीड़िता के खून से सने कपड़े, घर में मिले रक्त के धब्बे, चार्जर की वह केबल जिससे गला घोंटकर हत्या किए जाने का आरोप है, और टेबल लैंप शामिल है, जिससे कथित तौर पर युवती के सिर पर हमला किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

