home page

अमन विहार में लापता कारोबारी की हत्या का खुलासा, दो सगे भाई गिरफ्तार

 | 
अमन विहार में लापता कारोबारी की हत्या का खुलासा, दो सगे भाई गिरफ्तार


नई दिल्ली, 25 फरवरी (हि.स.)। रोहिणी जिले के अमन विहार थाना पुलिस ने 50 वर्षीय कारोबारी की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की निशानदेही पर शव नजफगढ़ ड्रेन से बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराएं जोड़ दी हैं।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि सेक्टर-20 रोहिणी निवासी अजय कुमार 19 फरवरी को प्रेम नगर-2 स्थित एक मकान से अपनी मोटरसाइकिल पर निकलने के बाद लापता हो गए थे। 20 फरवरी को डीडी नंबर 38ए के तहत गुमशुदगी दर्ज की गई। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला तो 23/24 फरवरी की रात अजय के भाई के बयान पर एफआईआर संख्या 95/26 धारा 140(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस अधिकारी के अनुसार जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को चेहरे पर कपड़ा बांधकर प्रेम नगर के सुनसान स्थान पर अजय की मोटरसाइकिल खड़ी करते देखा गया। मानव स्रोतों और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने प्रेम नगर-3, किराड़ी सुलेमान नगर निवासी सगे भाई सोनू (24) और महबूब अली (20) को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली। पकड़े गए आरोपितों ने खुलासा किया क उन्होंने अजय से चार लाख रुपये 10 प्रतिशत मासिक ब्याज पर उधार लिए थे। किस्त चुकाने में असमर्थ होने पर दोनों ने साजिश रची। 19 फरवरी को जब अजय रुपये लेने उनके घर पहुंचे तो महबूब ने मीट काटने वाले चाकू से उन पर हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए नजफगढ़ ड्रेन में फेंक दिया।

आरोपितों की निशानदेही पर निलोठी एक्सटेंशन स्थित चंदन विहार के पास नजफगढ़ ड्रेन से शव बरामद किया गया। क्राइम टीम व एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अधिकारी के अनुसार मरने वाला अजय कुमार पॉलिथीन बैग की सप्लाई का कारोबार करते थे और साथ ही ब्याज पर रुपये उधार देने का काम भी करते थे। वहीं पकड़े गए दोनों आरोपित सगे भाई हैं। सोनू प्रेम नगर-3 में होटल चलाता है, जबकि महबूब उसी के साथ काम करता था।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी