रायगढ़ : आमाघाट अफीम मामला : फरार आरोपित झारखंड से गिरफ्तार
रायगढ़ 23 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमाघाट में अवैध अफीम खेती के मामले में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए गठित विशेष टीमों ने झारखंड में दबिश देकर एक आरोपी को 22 मार्च काे गिरफ्तार कर लिया है, जिसे आज साेमवार काे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
तमनार पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित भूमि पर आरोपित मार्शल संगा द्वारा अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने पर तत्काल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, जहां एएनटीएफ टीम को खेत में कुल 60,326 अफीम के पौधे मिले, जिनका वजन 2877 किलोग्राम मिला। पूछताछ में मुख्य आरोपित मार्शल संगा ने अपने साथियों एमानुएल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के सहयोग से इस अवैध खेती को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपित के मेमोरण्डम के आधार पर उसके ठिकाने से 3.02 किलोग्राम अफीम (कीमत लगभग 15 लाख 10 हजार रुपये) भी बरामद की गई।
मामले में थाना तमनार में अपराध क्रमांक 59/2026 धारा 8(बी), 18 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर मुख्य आरोपित मार्शल संगा को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। वहीं फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी के निर्देशन में तमनार और साइबर थाना की संयुक्त टीमों को ओडिशा और झारखंड रवाना किया गया था। पुलिस टीम लगातार पीछा करते हुए आरोपितों के गृहग्राम तक पहुंची, जहां आरोपितों को पुलिस की भनक लग गई और वे पहाड़ी क्षेत्र में छिप गए।
इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से रायगढ़ पुलिस ने सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें काफी मशक्कत के बाद जंगल में भाग रहे आरोपित एमानुएल भेंगरा को पकड़ लिया गया। आरोपित को रायगढ़ लाकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपित के पास से उसका मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। वहीं उसका साथी सीप्रियन भेंगरा फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

