अलवर में तीन युवकों की मौत के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग निरुद्ध
अलवर, 16 सितंबर (हि.स.)। अरावली विहार थाना क्षेत्र में तीन युवकों की मौत के मामले में अलवर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया है। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में अनुसंधान जारी है।
एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि 12 सितंबर की रात करीब 10 बजे के बीच परिवादी का बेटा अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से लक्ष्मीनगर काली मोरी नाले के पास अलवर में किसी से मिलने जा रहा था। इसी दौरान वहां सचिन मीणा, सागर मीणा, अमित उर्फ पिल्टा, महेश और आकाश सैन सहित अन्य लोग मौजूद थे।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कथित रूप से जान से मारने की नीयत से स्विफ्ट कार से बाइक को पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद नीचे गिरे युवकों के साथ सरियों, डंडों, धारदार हथियारों और पत्थरों से मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना में तीनों युवकों की मौत हो गई।
एसपी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला स्तर पर पुलिस की टीमें गठित की गईं। पुलिस ने आसपास के फुटेज खंगाले और साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही जमीनी मुखबिर तंत्र और पुलिस टीमों के माध्यम से आरोपियों की पहचान की गई।
पुलिस ने आरोपियों के संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश दी। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी सचिन मीणा सहित सागर मीणा, अमित उर्फ पिल्टा, महेश सैनी और तन्मय उर्फ टन्नू को दस्तयाब किया गया। पूछताछ के बाद आरोपियों को मामले में गिरफ्तार किया गया तथा एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सचिन मीणा उम्र 26 वर्ष, सागर मीणा उम्र 22 वर्ष, अमित उर्फ पिल्टा उम्र 25 वर्ष, महेश सैनी उम्र 26 वर्ष और तन्मय उर्फ टन्नू उम्र 22 वर्ष शामिल हैं। इसके अलावा एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया है।
मामले में प्रकरण संख्या 368/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 189(2) और 103(1) में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। पुलिस के अनुसार प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में भी अनुसंधान जारी है।
अलवर पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे आक्रोश में आकर कानून अपने हाथ में न लें। पुलिस ने कहा कि आवेश में उठाया गया कोई भी कदम युवाओं और उनके परिवारों के भविष्य को संकट में डाल सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

