home page

अलवर: स्कूल से लंच के बाद कक्षा 7 के तीन छात्र लापता, 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं, पुलिस जांच में जुटी

 | 
अलवर: स्कूल से लंच के बाद कक्षा 7 के तीन छात्र लापता, 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं, पुलिस जांच में जुटी


अलवर: स्कूल से लंच के बाद कक्षा 7 के तीन छात्र लापता, 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं, पुलिस जांच में जुटी


अलवर, 23 जुलाई (हि.स.)। शहर के एनईबी थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल से कक्षा 7 के तीन छात्र लंच ब्रेक के बाद लापता हो गए। घटना 22 जुलाई की है। स्कूल प्रशासन ने इसकी सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद परिजनों ने एनईबी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामला दर्ज कर बच्चों की तलाश में जुटी है, लेकिन 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला है।

तीनों छात्र एक साथ हुए लापता

लापता छात्रों में 13 वर्षीय योगेश प्रजापत पुत्र बुधराम प्रजापत, निवासी ढाढोली (एमआईए थाना क्षेत्र), तथा उसके सहपाठी उमेश और अक्षय मीणा पुत्र विक्रम मीणा शामिल हैं। तीनों नेहरू नगर स्थित हरदेव दास उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 7 के छात्र हैं। दो बच्चे अल के पास ही रहते है। जबकि योगेश 12 किमी दूर से बस से आता है।

योगेश के चाचा भूरेलाल प्रजापत ने बताया कि बुधवार को सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच लंच ब्रेक हुआ था। इसके बाद तीनों छात्र वापस कक्षा में नहीं लौटे। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दी गई।

परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन की लापरवाही के कारण बच्चे परिसर से बाहर निकल गए। उनका कहना है कि जब उन्होंने स्कूल से जानकारी मांगी तो उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला।

विद्यालय के निदेशक अनिल शर्मा ने बताया कि दो छात्र रोज की तरह लंच के समय घर खाना खाने जाते थे। संभावना है कि तीसरा छात्र भी उनके साथ चला गया। जब लंच समाप्त होने के बाद तीनों छात्र वापस नहीं आए तो शिक्षकों ने तुरंत परिजनों को फोन कर सूचना दी।

उन्होंने बताया कि स्कूल के सीसीटीवी फुटेज में तीनों छात्र पीछे के गेट से बाहर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। स्कूल प्रशासन पुलिस और परिजनों को हर संभव सहयोग कर रहा है।

स्कूल के अन्य छात्रों से पूछताछ में जानकारी मिली है कि लापता छात्र आपस में खाटूश्यामजी जाने की बात कर रहे थे। हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है और अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

एनईबी थाना प्रभारी सीमा ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और बच्चों की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार