अलवर में पेट्रोल पंप के सेल्समैन को गोली मारकर फरार हुआ बदमाश, नाकेबंदी में आरोपित गिरफ्तार
अलवर, 11 जुलाई (हि.स.)। जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित बुर्जा पेट्रोल पंप पर शनिवार सुबह करीब साढे ग्यारह बजे एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। बाइक सवार एक बदमाश ने पेट्रोल भरवाने के बाद पैसे मांगने पर पेट्रोल पंप के सेल्समैन को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी कर दी। त्वरित कार्रवाई करते हुए वैशाली नगर थाना पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
घायल सचिन (22) पुत्र भोलाराम बलाई निवासी पुनखर, मालाखेड़ा ने बताया कि वह रोजाना की तरह पेट्रोल पंप पर काम कर रहा था। इसी दौरान मुंह बांधे हुए एक युवक बाइक पर आया और 898 रुपये का पेट्रोल भरवाया। पेट्रोल भरवाने के बाद युवक किसी को स्कैनर भेजने लगा, लेकिन उसने भुगतान नहीं किया। जब सचिन ने पैसे मांगे तो आरोपित ने अचानक देसी कट्टा निकाल लिया और उसके सीने पर गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित बिना नंबर प्लेट की बाइक लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही एडीशनल एसपी दीपक शर्मा, सीओ सिटी अंगद शर्मा सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घायल सचिन को तुरंत सामान्य चिकित्सालय, अलवर में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जयपुर रेफर कर दिया गया।
घायल ने पुलिस को बताया कि वह पिछले दो-तीन वर्षों से पेट्रोल पंप पर कार्यरत है। उसका किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं है और वह आरोपी को पहचानता भी नहीं है।
पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई। फुटेज में एक युवक बाइक से पेट्रोल पंप पर आता दिखाई देता है। वह पेट्रोल भरवाने के बाद बाइक से उतरता है और सीधे सेल्समैन के सीने पर गोली मार देता है। इसके बाद वह बाइक लेकर तेजी से फरार हो जाता है।
घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत, ब्लॉक अध्यक्ष रमन सैनी सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच करने और आरोपिताें के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि आरोपित ने अलवर आने से पहले कठूमर क्षेत्र में भी किसी वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर उसके आपराधिक रिकॉर्ड और वारदात के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

