स्कूल जा रही नाबालिक का किडनैप कर गैंगरेप, वाहन को ग्रामीणों ने लगाई आग
जयपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। जिले के एक गांव की 15 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मामले में दो लोगों के नामजद सहित तीन के खिलाफ़ मामला दर्ज हुआ है। वहीं जब आरोपित घटना को अंजाम देकर वापिस पीड़िता को छोड़ने आये तो भीड़ को देखकर अपना वाहन छोड़कर फरार हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ ने उनके वाहन में आग लगा दी। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जहां जले हुए वाहन को कब्जे में लेकर थाने ले जाया गया।
इस सम्बंध में नाबालिग के भाई ने थाने में मामला दर्ज करवाया है कि उसकी 15 वर्षीय बहन कक्षा 11 की छात्रा है, जो सरकारी स्कूल में पढ़ती है। वह गुरुवार को सुबह 8 बजे स्कूल पैदल जा रही थी तो रास्ते में एक बोलेरो गाड़ी आई और उसकी बहन को जबरन गाड़ी में खींच लिया। जिसमें दो लड़के थे। उन्होंने गाड़ी में उसकी बहन के हाथ बांध दिए और आंखों पर पट्टी बांध दी एवं रास्ते मे एक लड़के को और गाड़ी में बिठाया। उसके बाद उसकी बहन को वो अज्ञात स्थान पर ले गए और पट्टी खोली तो एक कमरे में थे। जहां पर उक्त तीनों ने बारी-बारी से उसकी नाबालिग बहन के साथ दुष्कर्म किया और तीनों ने आपत्तिजनक फ़ोटो व वीडियो बना धमकी दी की किसी को कुछ कहा तो तेरे भाई को जान से खत्म कर देंगे। उसके बाद आरोपित पीड़िता को वापस उसी वाहन में बैठाकर गाँव के पास छोड़ गए थे। जिसकी सूचना वहां कुछ लोगो ने पीड़िता के भाई को दी। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। वही पुलिस ने पीड़िता के कोर्ट में बयान दर्ज करवा दिए है। मामले की जांच राजगढ़ डीएसपी मनीषा मीना कर रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

