अमेठी : सैनिक स्कूल स्टाफ में मारपीट, लेफ्टिनेंट कर्नल भरत पाटनी घायल
अमेठी, 03 नवंबर (हि.स.)।अमेठी जनपद मुख्यालय गौरीगंज स्थित एक प्रतिष्ठित और अनुशासित शैक्षिक संस्थान सैनिक स्कूल के भीतर से सनसनीखेज वारदात निकलकर सामने आई है। जहाँ पर सैनिक स्कूल परिसर में तैनात क्वाटर मास्टर पुनीत सेन द्वारा लेफ्टिनेंट कर्नल भरत पाटनी (वाइस प्रिंसिपल) के ऊपर मंगलवार शाम को जानलेवा हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस दुस्साहसिक घटना से प्रशासनिक अमले और शिक्षा जगत में हड़कंप मच गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मुसाफिरखाना रोड पर कौहार स्थित सैनिक स्कूल में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल (वाइस प्रिंसिपल) भरत पाटनी के ऊपर इसी स्कूल में तैनात क्वार्टर मास्टर पुनीत सेन के द्वारा जानलेवा हमला कर दिया गया है। हमले की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। इस हमले में घायल भरत पाटनी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ इलाज और मेडिकल प्रक्रिया जारी है।
इस संबंध में गौरीगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल मौके पर पुलिस पहुंच गई। आरोपी क्वार्टर मास्टर पुनीत सेन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर लंबे समय से मनमुटाव चला आ रहा था। जिसके फलस्वरूप आज यह घटना घटी है। इस हमले में दोनों पक्षों को चोटें आई हुई हैं। लेफ्टिनेंट कर्नल भरत पाटनी का मोबाइल टूट गया है, हाथ में चोट लगी है और कान के पास चोट लगी हुई है। उनका मेडिकल कराया जा रहा है। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर तैयार की जा रही है। जैसे ही तहरीर प्राप्त होगी उसके अनुसार मुकदमा पंजीकृत करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

