home page

नवविवाहिता के साथ मारपीट के बाद जबरन कीटनाशक पिलाने का आरोप, मायागंज अस्पताल में भर्ती

 | 
नवविवाहिता के साथ मारपीट के बाद जबरन कीटनाशक पिलाने का आरोप, मायागंज अस्पताल में भर्ती


भागलपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। जिले के सजौर थाना क्षेत्र के दरियापुर पंचायत स्थित घोरगांव से दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है। खैरा निवासी नवविवाहिता निशा ने अपने पति, सास और ससुर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जबरन कीटनाशक पिलाने का आरोप लगाया है।

गंभीर हालत में उसका इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है। पीड़िता ने गुरुवार को बताया कि करीब एक वर्ष पहले उसकी शादी घोरगांव निवासी मोहम्मद शाहबाज से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगा। निशा का आरोप है कि पहले 25 हजार रुपये, फिर 50 हजार रुपये लिए गए और बाद में चार लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जाने लगा।

मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ लगातार मारपीट की जाती थी। उसका तीन महीने का एक बच्चा भी है। निशा ने बताया कि बीती रात मामूली विवाद के बाद पति, सास और ससुर ने पहले उसकी पिटाई की और फिर जबरन कीटनाशक पिला दिया। हालत बिगड़ने पर मायके वालों ने काफी मशक्कत के बाद उसे ई-रिक्शा से मायागंज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

पीड़िता के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। निशा ने कहा कि पहले की घटनाओं की शिकायत पुलिस में नहीं की गई थी, लेकिन अब वे कानूनी कार्रवाई करेंगे। मामले में सजौर थानाध्यक्ष से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका। पुलिस शिकायत के बाद आगे की कार्रवाई की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर