सहायक तकनीकी प्रबंधक सृष्टि कुमारी की संदिग्ध मौत ने लिया नया मोड़, हत्या का आरोप
सीवान, 08 अप्रैल (हि.स.)।
सीवान जिले के हसनपुरा प्रखंड के प्रखंड कृषि पदाधिकारी कार्यालय में कार्यरत सहायक तकनीकी प्रबंधक सृष्टि कुमारी की संदिग्ध मौत के मामले में अब बड़ा मोड़ आ गया है। इस मामले में मृतका के भाई ने हत्या की आशंका जताते हुए तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मंगलवार को नगर थाना क्षेत्र के एक किराए के मकान से सृष्टि कुमारी का शव दुपट्टे के सहारे लटका हुआ बरामद किया गया था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन अब परिजनों ने इसे हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है।
वैशाली जिले के मदारपुर निवासी मृतका के भाई यशवंत कुमार ने नगर थाने में दर्ज आवेदन में कहा है कि उसकी बहन ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या कर शव को फांसी से लटका दिया गया। उन्होंने प्रखंड कृषि कार्यालय के कॉर्डिनेटर नागेंद्र सिंह, सतीश कुमार और एक बिचौलिए रंजन पांडे को आरोपी बनाया है।
भाई के अनुसार, कार्यालय से सूचना मिली कि सृष्टि ऑफिस नहीं पहुंची है। जब मकान मालिक से संपर्क नहीं हो सका, तो पड़ोसियों से पता चला कि उसने कथित रूप से आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि कमरे का दरवाजा खुला था और सृष्टि का शव इस स्थिति में लटका था कि उसका घुटना जमीन को छू रहा था, जिससे शक और गहरा गया।
परिजनों का कहना है कि मौके पर मिला कथित सुसाइड नोट भी सृष्टि की लिखावट में नहीं है। यशवंत कुमार ने आरोप लगाया कि आरोपितों द्वारा सृष्टि को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। यहां तक कि कुछ महीने पहले उसका एक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने का भी प्रयास किया गया।
परिजनों ने यह भी बताया कि इस मामले की शिकायत पहले स्थानीय थाने और विभागीय अधिकारियों से की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
घटना की सूचना पर मंगलवार देर शाम परिजन सीवान पहुंचे और पोस्टमार्टम के बाद भी कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार दोपहर तक शव को नहीं ले गए। बाद में पुलिस प्रशासन के ठोस आश्वासन के बाद परिजन शव लेकर रवाना हुए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। यह मामला अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

