अनूपपुर: पारिवारिक कार्यक्रम की आड़ में धर्मांतरण का आरोप, केरल समेत कई राज्यों से लोग आए
अनूपपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय के वार्ड 9 में शनिवार की दोपहर एक घर में चल रहे कार्यक्रम को लेकर विवाद हो गया। आयोजन को पारिवारिक कार्यक्रम बताया जा रहा था, लेकिन शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि यह बिना अनुमति धर्मांतरण का कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम में केरल समेत कई राज्यों से लोग आए थे। पुलिस ने 55 नाम की सूची बना जांच शुरू कर दी हैं।
जानकारी के अनुसार वार्ड 9 में पास्टर येशु दास के घर पर बड़ी संख्या में लोग जमा हुए थे। स्थानीय लोगों और शिकायतकर्ताओं को जब पता चला कि वहां सामूहिक प्रार्थना और धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियां चल रही हैं, तो उन्होंने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी। शिकायतकर्ताओं का यह भी कहना है कि इस आयोजन के लिए पुलिस या जिला प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। इस कार्यक्रम में केरल समेत कई दूसरे राज्यों से भी लोग आए थे, जिससे संदेह और बढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम शिकायतकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंची।
घर के मालिक बोले- पारिवारिक कार्यक्रम था
घर के मालिक और पास्टर का कहना है कि यह सिर्फ एक निजी पारिवारिक कार्यक्रम था, जिसमें रिश्तेदार और परिचित शामिल हुए थे। इसके उलट, शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि बाहरी राज्यों से आए लोगों को बुलाकर प्रार्थना की आड़ में सभा की जा रही थी। मामले को देखते हुए पुलिस ने स्थिति संभाली और मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए।
नियमानुसार होगी कार्रवाई
थाना प्रभारी संजय अशोक एक्का ने बताया कि बिना अनुमति हुई इस सभा और धर्मांतरण के आरोपों की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 55 लोगों के नाम की सूची बनाई गई है और सभी के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

