युवती ने फैसल नामक युवक पर शादी का वादा कर शारीरिक शोषण करने का लगाया आरोप, केस दर्ज
मुरादाबाद, 10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिला मुख्यालय के महानगर थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में रहने वाली युवती ने फैसल नामक युवक पर शादी का वादा कर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का दावा है कि आरोपित ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल भी किया। पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर रविवार को रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। विवेचना में जो भी तथ्य आएंगे, उसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
पीड़िता ने सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि एक साल पहले उसकी मुलाकात मैनाठेर थाना क्षेत्र के गुरेर गांव निवासी फैसल के साथ हुई थी। आरोपित ने उसे शादी करने का वादा कर उसका शारीरिक शोषण किया। आरोपित ने उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसका शोषण किया और शादी करने से इन्कार कर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

