फर्जी बिलों के जरिए 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी, महासमुंद से आरोपित गिरफ्तार
धमतरी, 24 नवंबर (हि.स.)। व्यावसायिक लेनदेन में 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार कर जालसाजी करने के मामले में कुरुद पुलिस ने महासमुंद निवासी आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुरूद के धोबनीपारा निवासी उर्मिला शर्मा (48) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि व्यावसायिक लेनदेन के तहत उन्होंने महासमुंद के वार्ड क्रमांक 30 आदर्शनगर निवासी विनय अग्रवाल (52) को केनरा बैंक के माध्यम से आरटीजीएस द्वारा अलग-अलग किस्तों में एक करोड़ रुपये हस्तांतरित किए थे। इसमें से आरोपित ने 40 लाख रुपये वापस कर दिए, लेकिन शेष 60 लाख रुपये नहीं लौटाए। आरोप है कि बकाया राशि हड़पने की नीयत से आरोपित ने 16 से 24 जून 2023 के बीच 2360 क्विंटल चावल एफसीआई मंदिर हसौद गोदाम में जमा कराने के नाम पर आठ फर्जी एवं कूटरचित इनवाइस और बिल तैयार कर प्रस्तुत किए। जांच के दौरान दस्तावेजों की तारीखों एवं तथ्यों में विसंगतियां पाई गईं।
शिकायत की जांच में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल का मामला सामने आने पर थाना कुरुद में अपराध में भादवि के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने पतासाजी कर आरोपित विनय अग्रवाल को महासमुंद से हिरासत में लिया। पूछताछ और विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने नागरिकों एवं व्यवसायियों से अपील की है कि बड़े व्यावसायिक लेनदेन में बिल, इनवाइस, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों का विधिवत सत्यापन अवश्य करें तथा धोखाधड़ी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

