home page

धर्मांतरण के दबाव और मारपीट के आरोप पर हंगामा, नाइट अफसर निलंबित

 | 
धर्मांतरण के दबाव और मारपीट के आरोप पर हंगामा, नाइट अफसर निलंबित


कानपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। जिले की गुजैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत रामगोपाल कच्ची बस्ती में धर्मांतरण का दबाव बनाने और मारपीट के आरोप को लेकर मंगलवार को हिंदू संगठनों ने हंगामा किया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में लापरवाही सामने आने पर नाइट अफसर अवधेश कुमार को निलंबित कर दिया, जबकि संबंधित चौकी इंचार्ज की भूमिका की जांच के आदेश दिए गए हैं।

रामगोपाल कच्ची बस्ती निवासी रीता जाटव ने पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों पर परिवार पर धर्मांतरण का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। रीता अपने पति सोनू जाटव और तीन बच्चों के साथ यहां रहती हैं। परिवार के अनुसार, करीब दो से ढाई वर्ष पहले उन्होंने यहां जमीन खरीदी थी। रीता का आरोप है कि जमीन खरीदने के बाद से ही पड़ोस में रहने वाले दूसरे पक्ष के लोग मकान खाली करने और धर्मांतरण के लिए दबाव बना रहे थे। घर के पास मंदिर के बगल में धार्मिक स्थल के निर्माण को लेकर भी पहले से विवाद चल रहा था। सोमवार रात इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।

आरोप है कि विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सोनू और बेटे विशाल के साथ भी मारपीट की गई। परिवार का कहना है कि हमले से बचने के लिए उन्हें घर के भीतर जाकर अपनी जान बचानी पड़ी। घटना के बाद रीता शिकायत लेकर गुजैनी चौकी पहुंचीं। उन्होंने चौकी पुलिस पर तत्काल कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। इसकी जानकारी मिलने पर हिंदू जागरण मंच समेत अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए।

हिंदू जागरण मंच के संयोजक मयंक त्रिपाठी और रवि मिश्रा समर्थकों के साथ बस्ती पहुंचे। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने गुजैनी थाने पहुंचकर हंगामा और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोपितों के साथ ही लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। हंगामे की सूचना पर एसीपी नौबस्ता अभिषेक कुमार राहुल सर्किल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया। संवेदनशीलता को देखते हुए बस्ती और थाना क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। प्रकरण में लापरवाही सामने आने पर नाइट अफसर अवधेश कुमार को निलंबित किया गया है। संबंधित चौकी इंचार्ज की भूमिका की भी जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप