भाई, भतीजे पर जान से मार देने की धमकी देने का आरोप, मुकदमा दर्ज
हाथरस, 02 मई (हि.स.)। सादबाद थाना क्षेत्र में कस्बे के प्रगति पुरम निवासी श्याम कुमार ने अपने भाई और भतीजे सहित एक अन्य के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवक का आरोप है कि उसे 15 दिन के भीतर जान से मारने की धमकी मिली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
श्यामकुमार पुत्र वीरेन्द्र कुमार ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि 27 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 11 बजे उसके पास फोन आया था। फोन पर उसके भाई रामकुमार उर्फ कालू, भतीजे अंशुल (पुत्र रामकुमार) और अनिल कुमार पुत्र वीरेन्द्र ने उसे गालियां दीं। आरोप है कि तीनों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए कहा, तुझे 15 दिन के अंदर खत्म कर देंगे। रामकुमार और अंशुल वर्तमान में अलीगढ़ के गोंडा इलाके में रहते हैं। इस घटना के बाद से पीड़ित श्यामकुमार और उसका परिवार भयभीत है। पीड़ित ने पुलिस से अनुरोध किया है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उसे और उसके परिवार को सुरक्षा मिल सके। मामले के विवेचक उपनिरीक्षक रवि प्रकाश ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

