home page

दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप, पति समेत कई पर मुकदमा दर्ज

 | 
दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप, पति समेत कई पर मुकदमा दर्ज


जौनपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में जलालपुर थाना क्षेत्र के हौज नवाबाद गांव में मंगलवार की देर रात एक विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला। पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर बेटी हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति, सास-ससुर, ननद समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जलालपुर क्षेत्र के कादीपुर गांव निवासी लक्ष्मी नारायण की पुत्री शशिबाला की शादी कुछ वर्ष पूर्व हौज नवाबाद गांव निवासी राजपत के पुत्र दुर्गेश के साथ हुई थी। उनका दो वर्षीय पुत्र भी है। पिता लक्ष्मी नारायण का आरोप है कि बेटी की शादी के समय उन्होंने एक लाख रुपये नकद, सोने की चेन, अंगूठी और अन्य गृहस्थी का सामान दहेज में ससुरालियाें काे दिया था। इसके बावजूद शादी के बाद से ही पति, सास-ससुर और ननद दहेज से संतुष्ट नहीं थे। वे लगातार बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर शशिबाला को जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।

लक्ष्मी नारायण के अनुसार, मंगलवार रात उनके समधी ने फोन कर शशिबाला के आत्महत्या करने की जानकारी दी। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर थाना प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह और उपनिरीक्षक सुजीत ओझा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस संबंध में थाना प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह ने बुधवार को बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर शशिबाला के पति, सास-ससुर, ननद और कुछ रिश्तेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव