home page

घर में घुसकर मारपीट कर दुधमुंही बच्ची काे उठा ले जाने का आराेप

 | 
घर में घुसकर मारपीट कर दुधमुंही बच्ची काे उठा ले जाने का आराेप


हमीरपुर, 23 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में करोडों रुपये कीमत की जमीन अपने नाम कराने का दबाव बनाते हुए पत्नी सहित ससुरालियों द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न से परेशान पीडित युवक ने सोमवार को क्षेत्राधिकारी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है जिसपर क्षेत्राधिकारी ने मुकदमा दर्ज करा कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।

मौदहा कस्बे के मोहल्ला कजियाना निवासी मोहम्मद उमर ने क्षेत्राधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि बीते 21 मार्च की शाम जब वह अपने परिवार के साथ फत्तेपुर स्थित नये घर में था तो उसकी पत्नी सना, ससुर बल्लू, सास मीना, साली सबा, साढू एजाज और एक रिश्तेदार नफीस आदि ने अपने हाथों में लाठी डण्डा और नाजायज तमंचा लेकर उनके घर में हमला कर गाली गलौज और मारपीट करना शुरू कर दी। पीड़ित ने बताया कि जब उनके द्वारा शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग इकठ्ठा होने शुरू हुए तो उक्त लोग जान से मार देने की धमकी देकर उसकी दुधमुंही बच्ची को उठाकर भाग गए।

पीडित ने बताया कि उसकी पत्नी, सास, ससुर द्वारा उसके पिता की प्लाटिंग वाली जमीन अपने नाम कराने का दो साल से दबाव बनाया जा रहा है और उसी को लेकर उनके ऊपर एक झूठा दहेज़ उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया गया था जिसकी पुलिस द्वारा विवेचना की जा रही है। पीड़ित ने बताया कि उक्त लोगों का कहना है कि जबतक जमीन हमारे नाम नहीं कराओगे तुम्हारे परिवार को ऐसे ही मुकदमों में फंसाते रहेंगे। पीडित ने क्षेत्राधिकारी से जांच के बाद मुकदमा दर्ज कराने की गुहार लगाई है। वहीं क्षेत्राधिकारी ने जांच के बाद मुकदमा दर्ज कराने का आश्वासन दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा