अलीराजपुर : सीमेंट कंटेनर में छिपाकर गुजरात जा रही एक करोड़ की अवैध शराब जब्त
भोपाल/अलीराजपुर , 12 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले में पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 1,913 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की है। जब्त शराब की मात्रा 16,712 बल्क लीटर बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे सीमेंट कंटेनर और ट्रक को भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों कार्रवाइयों में जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 2 करोड़ 17 लाख रुपये है।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया के निर्देशन में थाना चांदपुर और थाना उदयगढ़ की टीमों ने यह कार्रवाई की। दोनों मामलों में शराब के परिवहन और तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है।
चांदपुर पुलिस को मुखबिर से राजस्थान नंबर के सीमेंट कंटेनर में बड़ी मात्रा में अवैध शराब ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने खंडवा-बड़ौदा हाईवे पर संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। कंटेनर के अंदर शराब की पेटियां मिलीं। पुलिस ने कुल 1,426 पेटी और 12,505 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की। कंटेनर समेत जब्त संपत्ति का मूल्य करीब 1 करोड़ 62 लाख रुपये से अधिक बताया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि शराब पंजाब-हरियाणा सीमा के नरवाना क्षेत्र से लोड की गई थी। इसे राजस्थान के जयपुर, दौसा, कोटा और चित्तौड़गढ़ के रास्ते मध्यप्रदेश के नीमच, मंदसौर, रतलाम, धार, मांगोद, मनावर और कुक्षी होते हुए गुजरात के बड़ौदा ले जाया जा रहा था।
इस मामले में पुलिस ने राजस्थान के बाड़मेर जिले की सेड़वा तहसील के ग्राम बमरला निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब शराब के स्रोत, परिवहन में शामिल लोगों और तस्करी के आगे के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
दूसरी कार्रवाई में उदयगढ़ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम तलावद की ओर से आ रहे एक ट्रक को रोकने के लिए घेराबंदी की। पुलिस को देखकर चालक ट्रक को ग्राम जवानिया में तालाब के किनारे छोड़कर फरार हो गया।
ट्रक की तलाशी के दौरान उसके भीतर प्लांट कर बेसमेंट जैसा स्थान बनाकर छिपाई गई शराब की पेटियां मिलीं। पुलिस ने कुल 487 पेटी और 4,207 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की। ट्रक सहित जब्त संपत्ति की कीमत करीब 54 लाख 97 हजार रुपये से अधिक आंकी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

