home page

नशा मुक्ति केंद्र में हत्या, आरोपित गिरफ्तार

 | 
नशा मुक्ति केंद्र में हत्या, आरोपित गिरफ्तार


नई दिल्ली, 27 मार्च (हि.स.)। बाहरी उत्तरी जिले के अलीपुर थाना पुलिस ने हिरनकी स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में हुई हत्या के मामले को महज एक घंटे में सुलझाते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल खून से सना चाकू बरामद किया है।

बाहरी उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने शुक्रवार को बताया कि सुबह कश्मीरी कॉलोनी, हिरनकी स्थित बी-29 पते पर चाकूबाजी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां परिसर में खून बिखरा मिला। जांच में पता चला कि घायल को पहले ही बुराड़ी अस्पताल ले जाया गया है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

जांच में मृतक की पहचान सत्य विहार, बुराड़ी निवासी अरुण कुमार (22) के रूप में हुई है। उसके पिता रिक्शा चालक हैं। परिजनों के अनुसार, अरुण किशोरावस्था से ही नशे का आदी हो गया था, जिसके चलते उसे नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर विवेक के नेतृत्व में टीम गठित की गई, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित अरुण जोशी (27) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि कुछ दिन पहले उसका मृतक से झगड़ा हुआ था। उस दौरान कथित तौर पर गाली-गलौज हुई थी, जिसका बदला लेने के लिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया। जांच में यह भी सामने आया है कि घटना ‘किरणदीप फाउंडेशन’ नामक नशा मुक्ति केंद्र के अंदर हुई, जहां फिलहाल करीब 27 नशा पीड़ित भर्ती हैं। आरोपित अरुण जोशी ने 2019 में रोहिणी स्थित गुरु नानक देव इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। वह खुद भी नशे की लत का शिकार रहा है और करीब 9 महीने पहले इसी केंद्र में इलाज के लिए भर्ती हुआ था। पुलिस ने घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज, खून के नमूने समेत अन्य साक्ष्य जुटाए हैं, जो आरोपित की संलिप्तता की पुष्टि करते हैं। पुलिस उपायुक्त के अनुसार इस संबंध में अलीपुर थाने में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी