कैफे खोलने के नाम पर 10.69 लाख रुपये हडपने के आराेप में केस दर्ज
मुरादाबाद, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना मझोला क्षेत्र के रामेश्वर कालोनी निवासी नमिता सागर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल को दिए शिकायती पत्र में थाना भोजपुर क्षेत्र निवासी मोहम्मद उवैश पर कैफे खोलने के लिए 10.69 लाख रुपये लेकर हड़पने, धमकी देने और जतिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाया था। एसएसपी के आदेश पर थाना मझोला क्षेत्र पुलिस ने मंगलवार को आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
थाना मझोला में दर्ज कराई रिपोर्ट में पीड़िता नमिता सागर ने बताया कि भोजपुर निवासी मोहम्मद उवैश ने कैफे खोलने और उसके संचालन के लिए 10 लाख 69 हजार 600 रुपये लिए। पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपित ने अपने मकान का लोन चुकाने के लिए 6 लाख 50 हजार रुपये लिए थे। इसके लिए 21 मई 2026 को 100 रुपये के ई-स्टांप पर 30 जुलाई तक पैसा लौटाने का समझौता भी किया था, लेकिन पैसा नहीं लौटाया।
पीड़िता के अनुसार वह आरोपित के कैफे पर पैसा वापस मांगने गई तो आरोपित ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर गाली गलौज कर मारपीट की। आरोप है कि अब मोहम्मद उवैश ने अलग-अलग नंबरों से कॉल करके जान से मारने की धमकी दी।
मामले में सिविल लाइंस सर्किल के क्षेत्राधिकारी भास्कर कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर एक नामजद और अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

