home page

सुपौल में 90.49 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, राजेश्वरी थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 | 
सुपौल में 90.49 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, राजेश्वरी थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई


सुपौल, 22 जुलाई (हि.स.)। जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर राजेश्वरी थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई में कुल 90.49 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई को राजेश्वरी थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल के माध्यम से स्मैक की तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद त्रिवेणीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी ली।तलाशी में बाइक सवार संजीव कुमार के पास से 84.45 ग्राम स्मैक बरामद हुआ।

पूछताछ में उसकी निशानदेही पर राजेश्वरी थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव स्थित नीतीश कुमार के घर छापेमारी की गई। वहां से 27 पुड़िया में 6.04 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामद किए गए सामानों में 90.49 ग्राम स्मैक, एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन एवं एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया उनके खिलाफ राजेश्वरी थाना में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साथ ही जब्त मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले से जुड़े अन्य संभावित तस्करों और पूरे नेटवर्क की पहचान के लिए जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र