home page

शराब के नशे में बकौर पंचायत के मुखिया हिरासत में, इलाके में चर्चा

 | 
शराब के नशे में बकौर पंचायत के मुखिया हिरासत में, इलाके में चर्चा


सुपौल, 09 सितंबर (हि.स.)। जिले में शराबबंदी कानून के बीच बकौर पंचायत के मुखिया नन्दन कुमार पंडित की कथित रूप से शराब के नशे में पकड़े जाने का मामला सामने आया है। मध निषेध थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें पंचायत क्षेत्र से पकड़ा। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर इसकी चर्चा तेज हो गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, मध निषेध थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बकौर पंचायत क्षेत्र में एक व्यक्ति शराब के नशे में है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद पंचायत के मुखिया नन्दन कुमार पंडित को हिरासत में लिया।

इसके बाद उन्हें मध निषेध थाना लाया गया, जहां आवश्यक जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस के अनुसार, मुखिया को शराब सेवन के आरोप में पकड़ा गया है। हालांकि, किसी व्यक्ति पर लगाए गए आरोप की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही मानी जाएगी।

मुखिया पकड़े जाने की खबर सामने आने के बाद शराबबंदी कानून के क्रियान्वयन को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्वाचित जनप्रतिनिधि समाज के लिए उदाहरण होते हैं, ऐसे में उनके खिलाफ शराब सेवन के आरोप में कार्रवाई होना गंभीर मामला है।

उल्लेखनीय है कि बिहार में शराबबंदी लागू है और शराब का सेवन, बिक्री, भंडारण एवं परिवहन कानूनन प्रतिबंधित है। पुलिस और मद्यनिषेध विभाग की ओर से लगातार छापेमारी और जांच अभियान चलाया जाता है।

इस मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई और न्यायिक प्रक्रिया के परिणाम पर लोगों की नजर बनी हुई है। फिलहाल मुखिया की गिरफ्तारी ने बकौर पंचायत समेत आसपास के इलाके में शराबबंदी कानून को लेकर बहस को फिर से तेज कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र