home page

सुपौल में नशीले इंजेक्शन के साथ फरार अभियुक्त गिरफ्तार, 4230 एमएल प्रतिबंधित दवा बरामद

 | 

सुपौल, 28 जून (हि.स.)। सुपौल पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फरार अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सुपौल थाना क्षेत्र के विद्यापुरी वार्ड -02 निवासी संतोष कुमार मुखिया के रूप में हुई है।

एसडीपीओ राजीव रंजन ने बताया कि 27 जून 2026 को नशीले पदार्थों से जुड़े फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया था।

इसी क्रम में सुपौल थाना कांड संख्या-320/2026 के तहत 05 मई 2026 के फरार अभियुक्त संतोष कुमार मुखिया के घर पर छापेमारी की गई। यह मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 22(बी), 25(ए) एवं 29 के तहत दर्ज किया गया था।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्त के घर की छत पर उसे अवैध नशीले इंजेक्शन को छोटे-छोटे पॉलीथीन में पैक करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से बरामद सभी नशीले इंजेक्शन को विधिवत जब्त कर लिया। बरामद सामग्री के आधार पर सुपौल थाना में एक और मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित के पास से नशीले इंजेक्शन की 1230 वायल बरामद की गई। प्रत्येक वायल में 2 एमएल दवा थी, जिसकी कुल मात्रा 2460 एमएल है। इसके अलावा एभील की 885 वायल बरामद की गई। प्रत्येक वायल में 2 एमएल दवा थी, जिसकी कुल मात्रा 1770 एमएल बताई गई है। दोनों दवाओं को मिलाकर कुल 2115 वायल नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए, जिनकी कुल मात्रा 4230 एमएल है।

इसके अलावा पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक स्मार्ट मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले इंजेक्शन की सप्लाई कहां से की जा रही थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपित संतोष कुमार मुखिया पहले भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ सुपौल थाना में दो मामले दर्ज हैं। इनमें पहला मामला सुपौल थाना कांड संख्या-21/2026, दिनांक 11 जनवरी 2026 का है, जिसमें बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा-30(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया था। वहीं दूसरा मामला सुपौल थाना कांड संख्या-320/2026 है, जिसमें एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई थी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र