home page

शराब के रुपये मांगने पर विवाद, मामा समेत दो लोगों ने भांजे की पीटकर की हत्या

 | 
शराब के रुपये मांगने पर विवाद, मामा समेत दो लोगों ने भांजे की पीटकर की हत्या


शव दरवाजे पर फेंककर फरार हुए आरोपी

बांदा, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में पैलानी थाना क्षेत्र के पैलानी डेरा गांव में शराब पीने के लिए रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में 21 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात में युवक के मामा और ममेरे भाई की संलिप्तता सामने आई है। आरोप है कि दोनों ने युवक को बेरहमी से पीटने के बाद उसका शव घर के दरवाजे पर फेंक दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

थाना क्षेत्र के पैलानी डेरा निवासी सरजू प्रसाद निषाद का 21 वर्षीय पुत्र आलोक निषाद गुजरात में रहकर मजदूरी करता था। वह तीन दिन पहले ही गांव लौटा था। परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात आलोक अपने मामा छिद्दू उर्फ जगन्नाथ के घर गया था। वहां मामा ने उससे शराब पीने के लिए रुपये मांगे। आलोक ने पहले दिए गए रुपये वापस करने के बाद ही और रुपये देने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

आरोप है कि जगन्नाथ उर्फ गेद्दू ने अपने साथी राजा भैया उर्फ राजा के सहयोग से आलोक के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। गंभीर चोटें लगने के कारण आलोक की मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को उसके दरवाजे पर फेंक दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वारदात से गांव में सनसनी फैल गई।

सूचना पर क्षेत्राधिकारी प्रतिज्ञा सिंह और थाना प्रभारी राममोहन राय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के पिता सरजू प्रसाद ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस के मुताबिक, तहरीर के आधार पर जगन्नाथ उर्फ गेद्दू पुत्र कलुवा और राजा भैया उर्फ राजा पुत्र खिलावन के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है

आलोक दो भाइयों में छोटा था। परिवार में उसकी तीन बहनें हैं। उसकी मां कुशमा की करीब तीन वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। परिवार के लिए आलोक की हत्या से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

आशनाई के पहलू पर भी चर्चा

घटना के पीछे शराब के रुपये को लेकर हुआ विवाद प्रमुख वजह बताया जा रहा है। हालांकि, शुरुआती जानकारी में आशनाई से जुड़े पहलू की भी चर्चा सामने आई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्राधिकारी सदर प्रतिज्ञा सिंह ने गुरुवार को बताया कि पैलानी थाना क्षेत्र के पैलानी डेरा निवासी आलोक पुत्र सरजू प्रसाद, उम्र करीब 21 वर्ष, के साथ गांव के ही जगन्नाथ उर्फ गेद्दू ने डंडे से मारपीट की थी। चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। मोहल्ले के ही राजा भैया उर्फ राजा पर शव को मृतक के दरवाजे पर फेंकने में सहयोग करने का आरोप है। सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों, स्थानीय पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दोनों नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह