home page

अजमेर बस स्टैंड पर आधा किलो सोना चोरी, कर्मचारी और उसके दो साथियों पर संदेह

 | 
अजमेर बस स्टैंड पर आधा किलो सोना चोरी, कर्मचारी और उसके दो साथियों पर संदेह


अजमेर, 06 नवंबर (हि.स.)। अजमेर रोडवेज बस स्टैंड पर आधा किलो सोना चोरी होने का मामला सामने आया है। मेड़ता सिटी के एक सोने-चांदी के थोक व्यापारी का कर्मचारी जयपुर से सोना लेकर मेड़ता सिटी जा रहा था। रास्ते में अजमेर बस स्टैंड पर सोना गायब होने का पता चलने पर व्यापारी ने कर्मचारी और उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शुक्रवार को बस स्टैंड पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

सिविल लाइंस थाने के सहायक पुलिस उप निरीक्षक शीलू कुमार के अनुसार घटना चार नवंबर की रात करीब 9:15 बजे की बताई जा रही है। मेड़ता सिटी निवासी भरत सोनी (36) ने शिकायत में बताया कि उसकी फर्म में काम करने वाला मोहम्मद बिलाल आधा किलो सोना लेकर जयपुर से रोडवेज बस में सवार हुआ था। उसे यह सोना मेड़ता सिटी में फर्म तक पहुंचाना था, लेकिन न तो सोना पहुंचा और न ही कर्मचारी वापस फर्म में आया।

शिकायतकर्ता के अनुसार अजमेर बस स्टैंड पर कर्मचारी को सोना गायब होने का पता चला तो उसने फोन पर इसकी सूचना दी। व्यापारी ने कर्मचारी की बात पर संदेह जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उसने आरोप लगाया कि मोहम्मद बिलाल और उसके दो साथियों ने विश्वासघात कर करीब एक करोड़ रुपये कीमत का सोना हड़प लिया।

पुलिस ने भरत सोनी की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी शीलू कुमार ने शुक्रवार सुबह अजमेर रोडवेज बस स्टैंड पहुंचकर घटनास्थल का मौका नक्शा तैयार किया। पुलिस ने बस स्टैंड पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी प्राप्त किए हैं। इनके आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष