अजमेर दरगाह मामले में महाराणा प्रताप सेना के अध्यक्ष को पाकिस्तान के नंबर से धमकी
अजमेर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। अजमेर दरगाह में शिव मंदिर होने का दावा करने वाले महाराणा प्रताप सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजवर्धन सिंह परमार को पाकिस्तान के कोड वाले नंबर से जान से मारने की धमकी मिलने का दावा किया गया है। परमार के अनुसार रविवार रात करीब 11:54 बजे उनके मोबाइल पर पाकिस्तान के नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने कथित तौर पर अजमेर दरगाह से जुड़े मामले में दायर याचिका से पीछे हटने और सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मामले से अपना संबंध खत्म करने को कहा।
परमार का आरोप है कि कॉलर ने उन्हें 24 घंटे के भीतर ऐसा नहीं करने पर परिवार के एक सदस्य को जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को देने के साथ केंद्रीय गृह मंत्रालय और राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण से मामले में कार्रवाई की मांग की है। साथ ही राजस्थान, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में स्वयं तथा परिवार के लिए विशेष सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
परमार ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से अजमेर दरगाह को मंदिर साबित करने के दावे को लेकर कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं।
उनका कहना है कि मामले से जुड़े प्रकरण अजमेर की निचली अदालत के साथ जयपुर उच्च न्यायालय में भी विचाराधीन हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2022 से अब तक उन्हें एक दर्जन से अधिक अलग-अलग नंबरों से धमकियां मिल चुकी हैं।
परमार के अनुसार उनका गृह जिला उत्तर प्रदेश में है, जबकि उनका परिवार दिल्ली में रहता है और अजमेर दरगाह से संबंधित कानूनी मामला राजस्थान में चल रहा है। इसी आधार पर उन्होंने तीनों राज्यों में स्वयं और परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
पाकिस्तान के नंबर से आई कथित धमकी के मामले में उन्होंने गृह मंत्रालय और राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण से जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग भी की है।
अजमेर दरगाह में मंदिर होने का दावा करते हुए हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने अजमेर की सिविल अदालत में याचिका दायर की थी। अदालत ने 27 नवंबर 2024 को याचिका स्वीकार की थी। इसके बाद राजवर्धन सिंह परमार ने भी दरगाह परिसर में मंदिर होने का दावा करते हुए आवेदन प्रस्तुत किया।
अदालत ने 8 जनवरी 2026 को परमार को विष्णु गुप्ता की मूल याचिका में पक्षकार बना दिया था। मामले में अगली सुनवाई 5 दिसंबर को प्रस्तावित है।
इससे पहले मुख्य याचिकाकर्ता विष्णु गुप्ता पर भी फायरिंग की घटना सामने आ चुकी है। ऐसे में परमार की ओर से अब सुरक्षा बढ़ाने और धमकी की जांच की मांग की गई है। हालांकि, पाकिस्तान के नंबर से आई कथित धमकी और उसमें शामिल व्यक्ति की पहचान की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

