बम की झूठी धमकी देने वाला आरोपी गुजरात से गिरफ्तार, दो दिन के पुलिस रिमांड पर
अजमेर, 23 जुलाई (हि.स.)। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) और जिला एवं सत्र न्यायालय को ई-मेल के माध्यम से बम विस्फोट की झूठी धमकी देने के मामले में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने गुजरात से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को दो दिन की पुलिस अभिरक्षा में भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुजरात के सोमनाथ पाटन स्थित बेणेश्वर सोसायटी निवासी फलदू हार्दिक रमेशचंद के रूप में हुई है। पुलिस टीम उसे गुजरात से गिरफ्तार कर 21 जुलाई की देर रात अजमेर लाई थी। प्रारंभिक पूछताछ के बाद बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 9 जुलाई को घूघरा स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय को भेजे गए ई-मेल में कार्यालय परिसर को साइनाइड गैस और बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके बाद 13 जुलाई को जिला एवं सत्र न्यायालय को भेजे गए एक अन्य ई-मेल में न्यायालय परिसर में छह जिलेटिन बम लगाए जाने का दावा किया गया था। जांच में दोनों धमकियां झूठी पाई गईं, जिसके बाद सिविल लाइंस थाने में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए। जांच के दौरान पुलिस ने साइबर तकनीकी साक्ष्यों, आईपी विवरण और अन्य डिजिटल ट्रेल के आधार पर आरोपी की लोकेशन गुजरात के सोमनाथ पाटन क्षेत्र में चिन्हित की। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां कार्रवाई कर आरोपी को हिरासत में लिया।
पुलिस अब आरोपी से धमकी भरे ई-मेल भेजने के उद्देश्य, इस्तेमाल किए गए मोबाइल, कंप्यूटर, ई-मेल अकाउंट, इंटरनेट कनेक्शन तथा अन्य तकनीकी माध्यमों के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने यह कृत्य अकेले किया या इसमें अन्य लोगों की भी संलिप्तता है। पुलिस राजस्थान के अन्य जिलों में भेजे गए इसी प्रकार के धमकी भरे ई-मेल से संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

