home page

गवरी नृत्य की भीड़ में छिपे 25 हजार का इनामी को एएनटीएफ ने धर— दबोचा

 | 
गवरी नृत्य की भीड़ में छिपे 25 हजार का इनामी को एएनटीएफ ने धर— दबोचा


जयपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान पुलिस की विशेष इकाई एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने स्थापना का एक साल पूरा होने से ठीक पहले फरार इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी में शतक पूरा कर लिया। एएनटीएफ ने 100वें फरार इनामी अपराधी को गिरफ्तार कर अपनी ‘सेंचुरी’ पूरी की है। एएनटीएफ का स्थापना दिवस 7 अक्टूबर को है। इससे ठीक पहले चलाए गए ‘ऑपरेशन मारामन’ के तहत टीम ने चित्तौड़गढ़ पुलिस की ओर से घोषित 25 हजार रुपए के इनामी और तीन साल से फरार कुख्यात तस्कर निम्बाराम जाट उर्फ निमाराम को गिरफ्तार किया।

एएनटीएफ आईजी विकास कुमार ने बताया कि डीजीपी राजीव कुमार शर्मा और एडीजी दिनेश एमएन के मार्गदर्शन में नशा तस्करों तथा मादक पदार्थों के अवैध नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। लंबे समय से फरार इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी पर भी विशेष फोकस रखा गया है।

मुखबिर से सूचना मिली थी कि निम्बाराम चित्तौड़गढ़ के जोगणिया माता क्षेत्र स्थित जोगणिया रिसॉर्ट में मध्यप्रदेश से मारवाड़ में डोडा-पोस्त की बड़ी खेप सप्लाई करने की साजिश को लेकर साथियों के साथ बैठक कर रहा है। सूचना पर एएनटीएफ टीम ने रिसॉर्ट की घेराबंदी की। पुलिस की गाड़ी देखते ही आरोपी होटल की दीवार फांदकर खेतों की ओर भाग गया। टीम ने करीब दो किलोमीटर तक पैदल पीछा किया।

खुद को घिरता देख आरोपी जोगणिया माता मंदिर परिसर के चौक में चल रहे पारंपरिक गवरी नृत्य में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच जाकर छिप गया। टीम ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए भीड़ के बीच ही आरोपी को घेरकर दबोच लिया।

आईजी ने बताया कि आरोपी फलौदी जिले की पश्चिमी ढाणी जाटावास का रहने वाला है। आठवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़कर ट्रक चलाने लगा था। लड़ाई-झगड़े के मामले में जेल जाने के दौरान उसका संपर्क बड़े तस्करों से हुआ और वहीं उसने मादक पदार्थों की तस्करी के गुर सीखे।

वर्ष 2024 में पारसोली थाना क्षेत्र में बागुंडा बालाजी के पास पुलिस की नाकाबंदी देखकर आरोपी डोडा चूरा से भरी लग्जरी गाड़ी छोड़कर जंगल में भाग गया था। इसी तरह जावदा-रावतभाटा क्षेत्र से 3 क्विंटल 16 किलो डोडा चूरा से भरी एसयूवी लेकर जाते समय कोटा के आरकेपुरम थाना क्षेत्र में पुलिस घेराबंदी होने पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया था। फरारी के दौरान भी वह मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय रहा।

निम्बाराम के खिलाफ वर्ष 2017 से 2026 के बीच राजस्थान के विभिन्न जिलों में 26 गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। लोहावट, बनाड़, मथानिया, मंडोर, ओसियां, रोहट और चित्तौड़गढ़ सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम के साथ हत्या के प्रयास, मारपीट, लूट, आपराधिक षड्यंत्र सहित अन्य गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं।

आईजी विकास कुमार ने बताया कि एएनटीएफ के स्थापना दिवस पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में इस कार्रवाई में शामिल पूरी टीम को पुलिस मुख्यालय में सम्मानित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश