home page

नवादा में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, 41 गिरफ्तार

 | 

नवादा, 29 सितंबर (हि.स.)।नवादा जिले में अपराध और शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी मंगलवार को कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में 41 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, एससी-एसटी एक्ट, साइबर अपराध और मद्यनिषेध कानून से जुड़े आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 243 लीटर महुआ शराब और 1.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की।

गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

नवादा के एसपी अभिनव धीमन ने बताया कि कुल गिरफ्तारियों में हत्या के मामले में चार, हत्या के प्रयास के मामले में छह, एससी-एसटी एक्ट के तहत दो, साइबर अपराध के मामले में एक, मद्यनिषेध कानून के तहत 17 तथा अन्य मामलों में 11 आरोपित शामिल हैं।

वारिसलीगंज थाना पुलिस ने हत्या के आरोप में फूलमा देवी उर्फ फूलो देवी, कुटरी देवी उर्फ मंजू देवी और झूरी देवी को गिरफ्तार किया है। तीनों वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव की रहने वाली हैं।

इस मामले में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 688/26 दर्ज है। वहीं सीतामढ़ी थाना पुलिस ने कांड संख्या 97/26 में आरोपी भोला चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा।

शराब के खिलाफ भी व्यापक अभियान

पुलिस की कार्रवाई में बुंदेलखंड थाना क्षेत्र से 1.5 लीटर विदेशी शराब और एक स्कूटी के साथ विक्की कुमार को गिरफ्तार किया गया। सिरदला थाना क्षेत्र से 80 लीटर महुआ शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। अकबरपुर थाना पुलिस ने पुरैनी से 45 लीटर महुआ शराब के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। इसी थाना क्षेत्र के फतेहपुर से 118 लीटर महुआ शराब के साथ दो आरोपितों की गिरफ्तारी हुई। इन मामलों में बिहार मद्यनिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

साइबर थाना पुलिस ने साइबर अपराध के आरोप में सन्नी कुमार को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक आधार कार्ड, चार एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड, पेटीएम कॉपी स्कैनर, मोबाइल नंबर की कॉपी, एक लैपटॉप और दो मोबाइल बरामद किए गए। मामले में साइबर थाना कांड संख्या 93/26 दर्ज किया गया है।

इसके अलावा पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान 294 वाहनों की जांच की। नियमों के उल्लंघन पर कुल 89 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। पुलिस रिपोर्ट में मोटरसाइकिल, स्कूटी, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, लैपटॉप और मोबाइल समेत अन्य सामान की बरामदगी भी दर्ज की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन