home page

प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, एआई से सीखे तरीके; वारदात की ऑडियो रिकॉर्डिंग ने खोला राज

 | 
प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, एआई से सीखे तरीके; वारदात की ऑडियो रिकॉर्डिंग ने खोला राज


सीवान, 19 जून (हि.स.)। सीवान जिले के लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र के लकड़ी गांव में विदेश से लौटे युवक कमरे आलम की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है।

पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने बताया कि प्रेम प्रसंग के विवाद में इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र शानवाज आलम ने अपने नाबालिग भाई के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने हत्या की योजना बनाने के दौरान एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) टूल्स का सहारा लिया था।

एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि 18 जून को हुई इस घटना के बाद पुलिस को घटनास्थल से भाग रहे दो युवकों पर संदेह हुआ. दोनों के कपड़ों पर मिट्टी लगी हुई थी। पूछताछ और तलाशी के दौरान एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसमें घटना से जुड़ी महत्वपूर्ण ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली।

उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि मृतक कमरे आलम आरोपी शानवाज आलम और उसके परिवार की एक युवती के बीच चल रहे प्रेम संबंधों का विरोध करता था। इसी को लेकर आरोपी ने अपने नाबालिग भाई के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।

एसपी ने कहा कि जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने एआई टूल्स के माध्यम से ऐसे तरीकों की जानकारी जुटाई थी, जिनसे किसी व्यक्ति की हत्या करने के बाद शरीर पर कम से कम निशान दिखाई दें। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी अपराध के लिए तकनीक को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। तकनीक का दुरुपयोग करने वाले व्यक्ति की मंशा ही अपराध का मूल कारण होती है।

एसपी पुरन कुमार झा के अनुसार, आरोपियों ने पहले कमरे आलम के सिर पर मिट्टी से प्रहार किया। गंभीर चोट लगने के बाद जब वह बेहोश हो गया तो उसके मुंह में मिट्टी भर दी गई, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई।

एसपी ने बताया कि मामले का सबसे महत्वपूर्ण साक्ष्य वह ऑडियो रिकॉर्डिंग है, जिसे आरोपी ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह इस रिकॉर्डिंग को अपनी प्रेमिका को सुनाना चाहता था।

पुलिस ने फॉरेंसिक प्रक्रिया के तहत ऑडियो को सुरक्षित कर लिया है, जो न्यायालय में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

पुलिस ने मुख्य आरोपी शानवाज आलम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके नाबालिग भाई को बाल न्याय अधिनियम के तहत निरुद्ध किया गया है।

एसपी ने कहा कि वैज्ञानिक एवं डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है और आरोपियों के खिलाफ मजबूत चार्जशीट दाखिल की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma