home page

अहमदाबाद में चचेरे भाई ने डेढ़ लाख रुपए में बहन को बेचा, बंधक बनाकर 5 दिन तक दुष्कर्म

 | 

उदयपुर, 27 अगस्त (हि.स.)।

उदयपुर जिले के एक ग्रामीण थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक चचेरे भाई ने अपनी ही शादीशुदा बहन को 1.50 लाख रुपये में अहमदाबाद में बेच दिया। आरोपित भाई युवती को बहला-फुसलाकर अहमदाबाद ले गया और वहां एक फैक्ट्रीकर्मी को बेचकर पैसे लेकर वापस गांव लौट आया।

थानाधिकारी के अनुसार, पीड़िता का आरोप है कि 19 अगस्त को पीड़िता का चचेरा भाई उसे अपने साथ ले गया था और एक युवक को बेच दिया। अहमदाबाद में खरीदार युवक ने पीड़िता को 5 दिन तक अपने कमरे में बंधक बनाकर रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर आरोपित ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

25 अगस्त को पीड़िता किसी तरह आरोपित के चंगुल से छूटकर अपने गांव वापस पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। डरी-सहमी पीड़िता की शिकायत पर परिजनों ने 26 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही, आरोपित चचेरे भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और अहमदाबाद में छिपे मुख्य आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता