home page

विदिशाः महिला के अंधे कत्ल का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

 | 
विदिशाः महिला के अंधे कत्ल का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार


विदिशा, 15 मार्च (हि.स.)।

मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया हैं और महिला के साथ हुई लूटपाट के गहने भी जप्त कर लिएं हैं।

यह मामला करारिया चौराहा थाना क्षेत्र और खामखेड़ा चौकी अंतर्गत गुरारिया हाईवे ब्रिज पर महिला का शव मिलने से जुड़ा हुआ है। 12 मार्च को गुरारिया हाईवे ब्रिज पर एक महिला का शव मिला था।

रविवार को पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने बताया कि सूचना मिलते ही करारिया चौराहा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पहचान शमशाबाद निवासी करीब 50 वर्षीय महिला के रूप में हुई। जांच के दौरान सामने आया कि महिला घर से सोने के जेवर पहनकर निकली थी, जो घटना स्थल पर नहीं मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत गला घोंटने से होना सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने हत्या और लूट का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।

पुलिस अधीक्षक काशवानी ने बताया कि पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी चंदन सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में महिला से लूटपाट करने के बाद गला घोंटकर हत्या करना कबूल कर लिया। आरोपी मृतका का दूर के रिश्ते में लगता है पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने की दो चूड़ी, एक गले की चेन, कान की झुमकी, मंगलसूत्र, चांदी की अंगूठियां और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। बरामद सामान की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश मीना